अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। शहर की छोटूराम धर्मशाला क्षेत्र निवासी एक युवक ने अपनी बहन के देवर के खिलाफ फेसबुक पर असभ्य भाषा का प्रयोग करने की शिकायत दी है। सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में कनीना मंडी निवासी आरोपी पर आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सिटी थाना प्रभारी गौरव कुमार स्वयं कर रहे हैं।
पुलिस को दी शिकायत में छोटूराम धर्मशाला निवासी दीपक ने बताया कि उसकी बहन की शादी नवंबर 2015 में कनीना मंडी हुई थी। शादी के बाद उसके ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे जिस पर उन्होंने दहेज प्रताड़ना का केस भी दर्ज करवा रखा है। शिकायकर्ता का आरोप है कि उसकी बहन के देवर ने फेसबुक पर असभ्य कमेंट के साथ-साथ अश्लील पोस्ट भी की। ये पोस्ट अप्रैल व मई 2017 में की गई थी और इसकी शिकायत पुलिस को अब दी गई है। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी भारत के खिलाफ हमने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।