अमर उजाला ब्यूरो
बादली। इलाके में एटीएम उखाड़ने की एक वारदात सुलझी भी नहीं थी कि वीरवार रात बदमाशों ने 4 लाख 87 हजार रुपये से भरे पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम उखाड़ लिया। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बादली में बीते दस दिनों में एटीएम उखाड़ने की यह दूसरी वारदात है। बदमाशों ने बादली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर स्थापित एटीएम को निशाना बनाया। वीरवार की रात इस एटीएम बूथ पर सिक्योरिटी गार्ड नहीं था। इसी का फायदा उठाते हुए स्कार्पियो सवार बदमाश रात करीब ढाई बजे एटीएम बूथ के बाहर आए। इस दौरान गाड़ी में से तीन नकाबपोश युवक उतरे और एटीएम बूथ के अंदर घुसे। अंदर घुसते ही बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़े दिए। फिर चेन के जरिये एटीएम को गाड़ी से बांधकर उखाड़ ली और चलते बने। उधर, एटीएम से छेड़छाड़ पर मुंबई स्थित सर्कल ब्रांच कार्यालय में अलार्म बजा तो वहां से कर्मचारियों ने स्थानीय बैंक मैनेजर को सूचना दी। उसके बाद मैनेजर की सूचना पर बादली थाने से पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और फिंगर प्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। इस दौरान डीएसपी अशोक कुमार, थाना प्रभारी सोमबीर सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।
40 मिनट में वारदात को दिया अंजाम
बदमाशों ने वारदात को 40 मिनट में अंजाम दिया। एटीएम बूथ के बाहर वीरवार की रात 2:35 बजे गाड़ी आकर रुकी, बदमाश भीतर घुसे और 3:15 बजे एटीएम उखाड़ कर चले गए। बैंक मैनेजर चंदन कुमार ने बताया कि जब उन्हें मुंबई शाखा से सूचना मिली तो तभी उन्होंने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना देनी चाही, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बदमाश लगभग 40 मिनट एटीएम में रहे हैं, यदि समय रहते पुलिस से संपर्क हो जाता तो शायद बदमाश पकड़े जाते।
10 दिन में दूसरी वारदात
बादली छोटा सा कस्बा है। यहां 200 मीटर के दायरे में ही छह बैंक की शाखाएं एवं एटीएम बूथ हैं। बीती 26 फरवरी की रात को भी बदमाश ओरियंटल बैंक का एटीएम उखाड़ कर ले गए थे। यह वारदात सुलझी भी नहीं थी कि अब एक और वारदात हो गई। इन तमाम बैंकों के एटीएम में सुरक्षाकर्मी की तैनाती नहीं है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सीसीटीवी फुटेज ले ली गई है। कई टीमें जांच में लगी हैं। जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा
सोमबीर, एसएचओ, बादली थाना बहादुरगढ़।