बहादुरगढ़। एटीएम बूथ में मदद के बहाने लोगों से कार्ड बदलकर खाते से रुपये उड़ाने वाले दो शातिर युवक बहादुरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। दोनों के कब्जे से कई बैंकों के 39 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में इनसे पांच वारदात का खुलासा हुआ है, सभी बहादुरगढ़ इलाके में की गई हैं।
बहादुरगढ़ क्षेत्र में पिछले कुछ समय में एटीएम बूथों में लगातार कार्ड एक्सचेंज कर रुपये निकालने की वारदात बढ़ी हैं। अभी हाल ही में रोहद व यहां शहरी क्षेत्र में चार-पांच वारदात हो चुकी हैं। पुलिस लगातार शातिरों की तलाश में थी। रोहतक के दो युवकों पर पुलिस को शक था। बुधवार की सायं पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उक्त दो शातिर किसी वारदात को अंजाम देने के मकसद से रोहतक से बहादुरगढ़ की तरफ आ रहे हैं। इस सूचना पर आसौदा चौकी पुलिस ने नाके चौकस किए। जाखोदा बाईपास पर चेकिंग के दौरान शक के आधार पर एक बाइक को रुकवाया। उक्त दोनों युवकों की पहचान सोनू और कुलदीप निवासी रोहतक के तौर पर हुई। इसके बाद पुलिस दोनों को चौकी ले गई। प्रारंभिक पूछताछ में इन्होंने रोहद व बहादुरगढ़ शहरी क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलने की वारदातों का खुलासा किया। पुलिस ने वीरवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। सदर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने कहा कि एटीएम ठगी के मामले में दो आरोपी पकड़े गए हैं। जल्द ही अन्य वारदातें भी सुलझाई जाएंगी।
दसवीं पास हैं दोनों
मूलत: हिसार के निवासी ये दो युवक पिछले कुछ समय से रोहतक रह रहे हैं। दसवीं पास ये दोनों युवक पुराने मित्र हैं और पिछले पांच-छह महीने से लोगों के साथ ठगी कर रहे हैं। इनके पास से कई बैंकों के 39 कार्ड बरामद हुए हैं। इन्होंने दो वारदात रोहद में और लगभग तीन वारदात बहादुरगढ़ शहरी क्षेत्र में की हैं।
इस तरह देते हैं वारदात को अंजाम
पुलिस की मानें तो इनके गिरोह में कोई और शामिल नहीं, बस ये दोनों खुद ही वारदात करते हैं। ये दोनों युवक मजदूरों, बुजुर्गों को ही ज्यादातर निशाना बनाते हैं। योजना के मुताबिक बूथ में घुस जाते हैं। जिन लोगों को कार्ड का इस्तेमाल कम करना आता है उसको बातों में उलझाते हैं। एक पीछे और दूसरा आगे खड़ा हो जाता है। आगे वाला शातिर मदद के बहाने कार्ड लेकर मशीन में डालता है, जब उपभोक्ता पिन डालता है तो पीछे वाला उसे देख लेता। फिर बातों ही बातों में ये कार्ड बदल लेते हैं और जल्द ही आसपास किसी दूसरे एटीएम में जाकर रुपये निकाल लेेते हैं।