अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। गांव पिचोपा खुर्द स्थित दादी देवी सतीनाथ मंदिर से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हो गया। मंदिर के महंत ने मामले की शिकायत अटेला कलां पुलिस चौकी में दी है। इस संबंध में बाढड़ा थाने में चोरी का केस दर्ज किया गया है। वहीं, अटेला कलां चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हेड कांस्टेबल संजय ने बताया कि मंदिर के पुजारी सेवानाथ ने पुलिस को एक शिकायत सौंपी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि ग्रामीणों ने मंदिर को ट्रैक्टर-ट्रॉली भेंट की थी। बुधवार रात भी ट्रैक्टर-ट्रॉली मंदिर परिसर के अंदर खड़ी थी। सुबह जब देखा तो ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं मिली। इस संबंध में ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। सूचना पाकर गांव के मौजिज लोग मंदिर परिसर पहुंचे और महंत से घटना की जानकारी ली। इसके बाद चोरी की सूचना अटेला कलां पुलिस चौकी में दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।