सड़क किनारे पानी में मिला व्यक्ति का शव
बहादुरगढ़। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट बी में सड़क किनारे भरे पानी में एक व्यक्ति का शव मिला है। व्यक्ति की मौत किन कारणों से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वीरवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान चंदोली (यूपी) निवासी राम मिलन के तौर पर हुई है। राममिलन पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली के लेखराम पार्क इलाके में रह रहा था और बहादुरगढ़ के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। इन दिनों उसकी ड्यूटी रात के समय चल रही थी। बुधवार की रात को वह ड्यूटी के लिए घर से निकला था। वीरवार की सुबह फैक्टरी से कुछ दूरी पर सड़क किनारे भरे पानी में उसका शव पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान संभव हो पाई। वीरवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। एमआईई चौकी पुलिस के मुताबिक, शव पानी में औधे मुंह पड़ा था। आशंका है कि नशे की हालत में वह पानी में गिर गया होगा और उठ नहीं पाया। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जा सकती है। परिजनों के बयान पर मामले में 174 के तहत कार्रवाई की गई है।