अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। गांव आसौदा में रविवार की सायं आयोजित कुआं पूजन कार्यक्रम में आए चमारिया के एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। गोलियां मारने के बाद दोनों हमलावर छत से कूदकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। युवक की हत्या क्यों की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वारदात के पीछे गांव आसौदा के ही दो युवकों का नाम सामने आ रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान नरेंद्र (36) के तौर पर हुई है। नरेंद्र गुरुग्राम की एक कंपनी में जॉब करता था। रविवार को नरेंद्र के मित्र आसौदा निवासी रिंकू के बेटे का कुआं पूजन कार्यक्रम था। नरेंद्र भी अपनी पत्नी सहित इस कार्यक्रम में आया हुआ था। मकान के ऊपर भोजन आदि का कार्यक्रम चल रहा था। नरेंद्र व कुछ अन्य लोग भी ऊपरी तल पर बने चौबारे में बैठे थे। गांव आसौदा का ही निवासी नरेंद्र (22) व उसका एक साथी भी वहां आ गया। इस दौरान चमारिया निवासी नरेंद्र और उक्त युवकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा की दोनों युवकों ने नरेंद्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गोलियां चलने से भगदड़ मच गई, जिसका फायदा उठाकर हमलावर छत से कूदकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। इधर, लहु लूहान अवस्था में पड़े नरेंद्र को लोगों ने संभाला और पीजीआई रोहतक के लिए लेकर दौड़े। बीच रास्ते में नरेंद्र ने दम तोड़ दिया। पीजीआई में डॉक्टरों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ पुलिस तुरंत हरकत में आई। आसौदा चौकी की एक टीम पीजीआई पहुंची जबकि सदर थाना, सीआईए और एफएसएल टीम ने वारदात स्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाने के प्रयास शुरू किए। नरेंद्र को चार से पांच गोलियां लगी हैं, हालांकि पुलिस ने फिलहाल दो गोलियों की ही पुष्टि की है। देर रात तक पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी हुई थी। विवाद किन कारणों के चलते हुआ यह पूरी तरह से स्पष्ट हो पाया है। बताते हैं कि पहले भी इन दोनों के बीच विवाद हुआ था।
छीनाझपटी में भी आरोपी का नाम शामिल
वारदात में शामिल रहे आरोपी नरेंद्र का पिछले माह बराही में हुई एक मारपीट एवं छीना झपटी में भी नाम सामने आया था। दरअसल, गत 11 अक्तूबर को बराही के निवासी दो भाई निशांत व प्रशांत के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी। मारपीट के बाद एक बाइक जला दी गई, जबकि दूसरी को छीन ले गए थे।
जल्द गिरफ्तार होंगे हत्यारोपी : सूरजभान
हत्या का केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। एक हमलावर की पहचान हो गई है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। नरेंद्र की हत्या किन कारणों के चलते हुई, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।
-एसआई सूरजभान
चौकी प्रभारी, आसौदा (बहादुरगढ़)