फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्जी लेफ्टिनेंट दो दिन के पुलिस रिमांड पर, एक साल से घूम रहा था लेफ्टिनेंट बनकर

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

चरखी दादरी।
सेना भर्ती कार्यालय से पकड़े गए फर्जी लेफ्टिनेंट अमित शर्मा को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया। आरोपी ने पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह पिछले एक साल से लेफ्टिनेंट बनकर घूम रहा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कई सैन्य अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए था। यह पहलू सामने आने पर आर्मी की इंटेलिजेंस टीम ने इसकी जांच शुरू कर दी है। शनिवार को सिटी थाना पुलिस की टीम ने शोभापुर गांव में आरोपी के घर दबिश देकर सर्दियों की वर्दी भी बरामद की है।
ज्ञात रहे कि शुक्रवार को शोभापुर निवासी अमित शर्मा चरखी दादरी सेना भर्ती कार्यालय में कर्नल अजीत सिंह पिल्लई से फर्जी लेफ्टिनेंट बनकर मिलने पहुंचा था। इससे पहले भी वह उनसे एक बार मुलाकात कर चुका था और फोन पर भी उनसे संपर्क में था। आरोपी ने खुद को दिल्ली बेस अस्पताल में तैनात बताया था और कर्नल अजीत सिंह पिल्लई ने जब इसकी अपने स्तर पर जांच की तो उसके फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। शुक्रवार शाम जब वह कर्नल पिल्लई से मिलने पहुंचा तो उन्होंने सिटी थाना पुलिस को मौके पर बुलाकर उसे काबू करवा दिया। देर शाम ही हिसार से इंटेलिजेंस की टीम भी सिटी पुलिस थाने पहुंच गई थी और आरोपी से बरामद सैन्य आई कार्ड, वर्दी, युवाओं की मार्कशीट, लैपटॉप, मोबाइल सहित तमाम दस्तावेजों की सूची तैयार कर अपने साथ जांच के लिए ले गई थी। सैन्य अधिकारी ने बताया कि आरोपी के फर्जीवाड़े में कोई अधिकारी भी संलिप्त है या नहीं यह जांच का विषय है। इस पहलु पर भी सैन्य टीम काम कर रही है। सिटी थाना पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी को कोर्ट में पेश किया। उसे आगामी पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी अप्रैल माह में ही हुई है और उसने खुद को लेफ्टिनेंट बताकर ही शादी कराई है।
विज्ञापन

पुलिस टीम ने आरोपी के घर से बरामद किया और सामान
आरोपी ने शुक्रवार देर रात पुलिस पूछताछ में बताया कि कुछ दस्तावेज, स्टैंप व सेना की दो-तीन वर्दी उसके घर पर भी हैं। इसके बाद शनिवार सुबह सिटी थाना पुलिस शोभापुर गांव में आरोपी के घर पहुंची। यहां से पुलिस टीम ने लेफ्टिनेंट कर्नल की सर्दियों की वर्दी सहित कुछ अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस टीम इस सामान को अपने साथ ले आई।
डायरी लिखने का शौकीन है आरोपी
सिटी थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी के पास से पुलिस को एक डायरी भी बरामद हुई है। इस डायरी में आरोपी ने अपने बारे में लिखा है। सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने डायरी में अपनी फर्जी ज्वाइनिंग तिथि सहित कई अन्य बातें लिखी हैं। आरोपी ने बताया कि उसे डायरी लिखने का शौक है। सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने डायरी की जांच भी शुरू कर दी है।

लेफ्टिनेंट बन जाता था आर्मी हेड क्वार्टर
पुलिस पूछताछ में आरोपी अमित ने बताया कि उसके पिता सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। आरोपी ने बताया कि वह ग्रेजुएट है और वह सैन्य अफसरों से संबंध बनाना चाहता था इसलिए उसने खुद को सबके सामने लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में पेश किया। आरोपी बेस कैंप सहित अन्य आर्मी हेड क्वार्टर भी जाता रहता था।
उसके साथ कोई और फर्जीवाड़े के खेल में संलिप्त है या नहीं यह जांच का विषय है। आरोपी के मोबाइल से पुलिस ने एक सदर थाना नारनौल को एक व्यक्ति द्वारा फर्जीवाड़े के संबंध में सौंपी गई शिकायत की कॉपी भी मिली है। हालांकि इस मामले में केस दर्ज हुआ या नहीं इसकी सिटी थाना पुलिस को जानकारी नहीं है।

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी के घर भी पुलिस ने दबिश दी और सेना की वर्दी बरामद की है। आरोपी के मोबाइल से नारनौल सदर थाना पुलिस को सौंपी गई शिकायत की कॉपी मिली है। इसकी जांच भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
विज्ञापन

गौरव कुमार, इंस्पेक्टर, सिटी थाना प्रभारी

युवाओं से मेरी अपील है कि सेना भर्ती मामले में किसी के झांसे में न आएं और मेहनत के बलबूते ही सेना में भर्ती होने का प्रयास करें। आर्मी की इंटेलिजेंस टीम इस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी ने पहले खुद को एमबीबीएस बताया था और अब खुद को ग्रेजुएट बता रहा है। आरोपी ने बताया कि उसके पिता आर्मी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कर्नल अजीत सिंह पिल्लई, चरखी दादरी सेना भर्ती कार्यालय निदेशक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें