अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
विवाद को लेकर एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रबंधक साल्हावास निरीक्षक ललित कुमार के अनुसार लीलाराम निवासी गांव लाडावास जिला चरखी दादरी ने शिकायत में बताया था कि उसकी बहन राजबाला की शादी करीब 25 वर्ष पहले हरिकिशन निवासी गांव बिरोहड़ जिला झज्जर के साथ हुई थी। शादी के कुछ वर्ष बाद उसकी बहन की उसके जीजा हरिकिशन के साथ कहासुनी होने लगी। इसके पश्चात हरिकिशन ने उसकी बहन से तलाक लेने के लिए अदालत में दरखास्त लगाई थी। इस पर उसकी बहन ने तलाक देने से मना कर दिया। हरिकिशन ने किसी अन्य महिला से शादी कर ली। वह अपनी बहन से मिलने गांव बिरोहड़ आया हुआ था। 11 दिसंबर की सुबह हरीकिशन हथियार लेकर आया और उसने उसकी बहन पर फायर कर दिए जिससे उसकी बहन की मौत हो गई। इसके बाद वह अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। इस पर थाना साल्हावास में केस दर्ज किया गया। मामले के आरोपी हरिकिशन निवासी गांव बिरोहड़ को सासरौली से गिरफ्तार किया। आरोपी को झज्जर अदालत में पेश किया गया जहां से पूछताछ के लिए उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
महिला की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार