अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
थाना लाइनपार के पास स्थित देवनगर कॉलोनी के पास बीती रात बाइक सवार कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाते हुए गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। जब एक-दो वाहन चालकों को इसका पता चला तो वे युवकों को पकड़ने के लिए गली में भी आए। लेकिन तब तक आरोपी बाइक पर सवार हो भाग गए। वाहन मालिकों ने वार्ड पार्षद एवं पूर्व चेयरमैन रवि खत्री को इसकी सूचना दी। इसके बाद खत्री ने स्वयं थाना एसएचओ को घटना से अवगत कराया और रात्रि के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने व आरोपियों के जल्द पकड़े जाने की मांग की।
थाना के साथ से पंचमुखी चौक की तरफ जाने वाले रास्ते पर जय माता दी टूर ट्रैवल्स की एक सूमो व एक जायलो खाली प्लॉट में खड़ी थी। यहां पर रात्रि के समय कुछ युवकों ने आकर पहले जमकर शराब पी और बाद में खड़ी दोनों गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उन पर ईटें बरसाकर के शीशे तोड़ दिए।
यही नहीं बाइक सवारों ने कुछ दूर घर के आगे खड़ी देव नगर निवासी प्रवीन की रिट्ज कार के भी शीशे तोड़ दिए। कालोनी में ही रहने वाली महिला मीना के परिवार की गाड़ी भी तोड़ दी। यही नहीं कई अन्य वाहनों को भी शरारती तत्वों ने अपना निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए।
वाहन मालिक सोनू, अनिल, प्रवीन व कई अन्य ने कहा कि उनकी गाड़ियों में कई-कई हजार का नुकसान हुआ है। साथ में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़ा करते हुए उत्पाती आरोपियों को जल्द पकड़े जाने व उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रवि खत्री ने कहा कि पुलिस स्टेशन से लगभग 70 मीटर की दूरी पर इस तरह की कई घटनाएं होने से यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से रात्रि के समय पेट्रोलिंग बढ़ाए जाने व असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई किए जाने की मांग भी की है। उधर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह का कहना है कि इस संबंध में शिकायत मिली है। पुलिस जांच कर रही है।