अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
रेलवे विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया है। गिरोह के द्वारा चार युवकों से नौकरी लगवाने के नाम 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। भिवानी जिले के गांव मंदोला निवासी राजेश कुमार ने दुजाना चौकी में दी शिकायत में आरोप लगाया था कि रवि, दीपक तथा सचिन तीनों वासी गांव सुर्खपुर जिला झज्जर, सुशील कुमार झा निवासी बलिया बिहार, नीरज कुमार ठाकुर निवासी जिला देवघर झारखंड तथा भंवर दीक्षित निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश सभी ने मिलकर धोखाधड़ी और जालसाजी से रेलवे में कोचिंग के द्वारा लगवाने का झांसा देकर फर्जी सरकारी कागजात तैयार करवा कर चार युवकों से करीब 20 लाख 19 हजार रुपए हड़प लिए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका लड़का और गांव मंदोला के दो अन्य लड़के तथा गांव झांझड़ा टोडा लोहारु वासी एक युवक जो चारों युवक 12वीं पास है। चारों की अक्टूबर 2015 में रवि निवासी गांव सुर्खपुर से बात हुई थी। रवि और उसके भाई दीपक तथा सचिन ने कहा कि उनकी रेलवे विभाग में काफी अच्छी जान-पहचान है। वे कोचिंग देकर रेलवे में सरकारी नौकरी लगवाते हैं। जिसके लिए कोचिंग के तौर पर प्रत्येक युवक के चार लाख 25 हजार लगेंगे। चारों युवकों ने विश्वास करके करीब 20 लाख 19 हजार नकद तथा खातों में जमा करवा दिए।
फर्जी पत्र देकर घूमते रहे यूपी
जिसके पश्चात चारों युवकों को रेल मंत्रालय भारत सरकार का चयन पत्र दे दिया गया। चारों को कोचिंग के लिए लखनऊ ले जाया गया। काफी दिन चक्कर काटने के बाद भी किसी की नियुक्ति नहीं हुई। सभी सरकारी कागज व पत्र फर्जी व झूठे पाए गए। जो दोषियों ने खुद तैयार करवा रखे थे। जब पीड़ित युवकों ने रुपये वापिस मांगने की बात की तो पहले तो वे टालमटोल करते रहे। फिर झगड़ा करने लगे व जान से मारने की धमकी देने लगे।
- शिकायत पर एक गिरफ्तार
शिकायत पर थाना झज्जर में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और मामले के एक आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर गांव सुर्खपुर से काबू किया गया। पकड़े गए आरोपी की पूछताछ में पहचान रवि निवासी गांव सुर्खपुर जिला झज्जर के तौर पर की गई।
दुजाना चौकी प्रभारी अनिल ने बताया कि आरोपी रवि को अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपी को पूछताछ के लिए पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। उन्होंने बताया कि मामले के अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा गंभीरता से कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
- भिवानी के युवकों ने ठगी करने वाले गिरोह का एक आरोपी गिरफ्तार