झज्जर। चोरों ने शुक्रवार रात गांव कुलाना व माछरौली में निजी हास्पिटल, फैशन शोरूम समेत तीन दुकानों से लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी की घटनाओं का सुबह उस समय पता लगा जब अस्पताल व शोरूम को खोलने मालिक शटर खोलने लगे। कुलाना गांव में चोरों ने पुलिस चौकी के ठीक सामने मात्र 80 गज की दूरी पर चोरी की घटना को अंजाम दिया और तरुण फैशन प्वाइंट शोरूम के शटर के ताले तोड़कर कई पेंट, शर्ट के अलावा एक एलसीडी, 2 बैटरी, इन्वेटर समेत करीब 3 लाख का सामान चोरी कर लिया। जिसकी शिकायत पुलिस में दी गई है। वहीं निर्भय हास्पिटल का ताला तोड़कर चोरों ने वहां रखे लैपटॉप, बैट्री, इनवर्टर, गैस सिलेंडर, एलसीडी चोरी कर लिए। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने नवीन चौहान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। वहीं माछरौली के मैन बस स्टैंड पर स्थित सुभाष हेयर ड्रेसर की दुकान से भी इनवर्टर व बैटरी चोर चुरा ले गए हैं। एक ही रात में 3 बड़ी चोरियों को अंजाम दिए जाने से दुकानदारों व ग्रामीणों में भय का माहौल है। खास बात यह है कि चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। वे तीनों ही राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ स्थित हैं और रात भर राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों के आवागमन के कारण व्यस्त रहता है और पुलिस की पीसीआर व राईडर भी चौक पर तैनात रहती है।
वर्जन
चोरी की शिकायतें मिली हैं। पुलिस जांच कर रही है, चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।
सुरेंद्र सिंह, थाना प्रबंधक, माछरौली