चरखी दादरी। गांव छपार निवासी एक महिला की मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति और सास पर प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए हैं। मामले की सूचना पाकर मंगलवार रात ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल ले आई। बुधवार सुबह पुलिस ने मृतका का सिविल अस्पताल में बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भिवानी के हनुमान गेट निवासी सतपाल ने अपनी बेटी गरिमा की शादी करीब 12 साल पहले छपार निवासी संदीप से की थी। पुलिस शिकायत में सतपाल ने बताया कि गरिमा का पति व सास उसे प्रताड़ित करते थे और इस संबंध में दोनों पक्षों में कई दफा बातचीत भी हुई। सतपाल ने बताया कि गरिमा के दो बेटे हैं। वह पिछले करीब तीन माह से अपने मायके भिवानी रह रही थी और गत रविवार को ही उसका पति संदीप उसे अपने साथ लाया था।
सतपाल ने बताया कि मंगलवार शाम गरिमा के ससुराल पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और उसकी पत्नी को बेटी गरिमा की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर अपने साथ छपार ले आए। सतपाल ने कथित तौर पर आरोप लगाए कि भिवानी स्थित उनके मकान पर पहुंचने से पहले ही गरिमा को निजी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था लेकिन इसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके पक्ष को इसकी जानकारी नहीं दी। सतपाल ने बताया कि छपार पहुंची उसकी पत्नी ने बताया कि गरिमा की मौत हो चुकी है और इसके बाद मायके पक्ष के अन्य लोग भी मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे छपार पहुंचे और इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर शाम ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब साढ़े 11 बजे शव सिविल अस्पताल लाया गया।
सतपाल ने बताया कि मायके पक्ष के लोगों ने उन्हें बताया कि गरिमा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था और इसके चलते उसकी मौत हुई है। बुधवार सुबह सतपाल ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी और इसमें पति व सास पर हत्या के आरोप लगाए गए। परिजनों के आरोपों को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड से कराया। वहीं, सिविल अस्पताल पहुंचे छपार के ग्रामीणों ने बताया कि दंपति के बीच पहले मन-मुटाव जरूर था लेकिन गत रविवार को गरिमा के ससुराल आने पर सब सामान्य हो गया था।
दोपहर को गरिमा ने मां से की थी फोन पर बात
मृतका के चाचा राजकुमार ने बताया कि गरिमा के पति संदीप ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपने ससुराल फोन किया था। इस दौरान गरिमा के दो दिन से खाना न खाने की बात बताई थी। इसके बाद गरिमा की मां ने भी उससे फोन पर बातचीत की। राजकुमार ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग तबीयत बिगड़ने पर दोपहर तीन बजे गरिमा को छपार गांव से अस्पताल में ले गए थे। संदीप गांव में करियाणा स्टोर जबकि गरिमा कॉस्मेटिक की दुकान पर बैठती थी।
मृतका के पिता ने पुलिस शिकायत में ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाए है। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। हमने बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा दिया है।
कुलदीप सिंह, एएसआई, सदर थाना