बहादुरगढ़। सराय औरंगाबाद गांव में स्थित पीडीएम यूनिवर्सिटी के पास से गुजर रहे बाईपास के नजदीक एक ऑटो पलट गया। इससे ऑटो में बैठे यात्रियों में से एक की मौत हो गई। जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। उन्हें शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार पीडीएम यूनिवर्सिटी के पास बाईपास के नजदीक एक सवारियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार कई यात्री घायल हो गए। जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। बताया जा रहा है कि ऑटो सवारियों को लेकर बहादुरगढ़ से टांडाहेड़ी गांव की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह बाईपास के नजदीक पहुंचा तो वह अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो में लाइनपार निवासी विजय पुत्र जागेराम, कृष्ण पुत्र राज सिंह, शांति पत्नी सुरेश, संतोष पत्नी छेदीराम काम के सिलसिले में बहादुरगढ़ से ऑटो में बैठकर टांडाहेड़ी की ओर जा रहे थे। ऑटो पलटने से विजय की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की मदद से घायलों को शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनका चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।