बहादुरगढ़। शहर निवासी एक व्यक्ति से रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में बहादुरगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सेक्टर 9 चौकी के इंचार्ज सुरेश कुमार के मुताबिक, दयानंद नगर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 15 मई 2019 को सुमित निवासी नयागांव ने जान से मारने की धमकी देते हुए 2.5 लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उसे और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित द्वारा की गई रंगदारी मांगने तथा जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर थाना शहर बहादुरगढ़ में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब इस मामले में गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को काबू कर लिया गया है। आरोपी की पहचान सुमित निवासी नयागांव जिला झज्जर के तौर पर की गई है। चौकी प्रभारी सुरेश ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में हत्या सहित संगीन किस्म के अनेक मामले अंकित हैं। जिनमें आरोपी जमानत पर है। वांछित आरोपी सुमित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।