बहादुरगढ़। गांव टांडाहेड़ी के पास बस की टक्कर से एक ऑटो पलट गया। इससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उपचार के लिए घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों के बयान पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में मोहित निवासी कायमगंज जिला फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश हाल निवासी एनआईटी फरीदाबाद ने बताया है कि वह मजदूरी का काम करता है। वीरवार की सुबह वह और उसका साथी विशाल निवासी फरीदाबाद ऑटो में सवार होकर एक प्राइवेट कंपनी का माल लेकर बहादुरगढ़ आए थे। गाड़ी खाली करके फरीदाबाद लौट रहे थे। ऑटो को विशाल चला रहा था। जब वे सुबह करीब साढ़े 9 बजे गांव टांडाहेड़ी के पास पहुंचे तो बेरी की तरफ से आ रही एक बस के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके ऑटो में टक्कर मार दी। इससे ऑटो सड़क पर पलट गया और उन दोनों को गंभीर चोटें आई। जैस-तैसे राहगीरों ने उन्हें शहर के निजी अस्पताल में पहुंचाया। दुर्घटना में विशाल की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। बताया गया है कि बस चालक मौके पर वाहन को छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।