ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
बहादुरगढ़।
रोहतक-दिल्ली रेल मार्ग पर गांव बराही के पास वीरवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को पहचान के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक जोगेंद्र सिंह ने बताया कि वीरवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि बहादुरगढ़-आसौदा के बीच गेट नंबर-27 के नजदीक एक युवक की ट्रेन से कटने से मौत हो गई है। जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे तो प्रारंभिक तौर पर पता चला कि रेलवे ट्रैक क्रासिंग करते समय वह किसी डाउन लाइन से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आया है। उसकी आयु करीब 23 साल आंकी जा रही है। शरीर पर लाल रंग की टी-शर्ट है और उस पर नीले रंग की कॉलर है। टी-शर्ट पर अंग्रेजी में एम लिखा हुआ है। उसके पास से कुछ ऐसा नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। जोगेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल शव को 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। उसकी पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
-