फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचायत ने चांगरोड़ में की शराबबंदी, डीजे बजाने पर लगेगा 21 हजार जुर्माना

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

चरखी दादरी।
चांगरोड़ ग्राम पंचायत ने गांव में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अगर भविष्य में ऐसा कोई मामला सामने आया तो पंचायत उक्त परिवार से 21 हजार रुपये जुर्माना वसूलेगी। यह फैसला वीरवार को पंचायत घर में आयोजित बैठक में गांव के मौजिज लोगों की सहमति से लिया गया। बैठक की अध्यक्षता सरपंच प्रतिनिधि सुंदर सिंह ने की। इस दौरान ग्राम पंचायत ने गांव में पूर्णतया शराबबंदी करने का भी प्रस्ताव पास किया है। सरपंच प्रतिनिधि ने बताया कि वीरवार को गांव में शराब बेचने पर प्रतिबंध लगाने के साथ-साथ डीजे पर रोक लगाने का सर्वसम्मति से फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि गांव में हालात इतने बिगड़े हुए हैं कि फोन करने पर घरों में शराब की डिलीवरी होने लग गई है।
वीरवार सुबह हुई पंचायत में सरपंच प्रतिनिधि सुंदर सिंह ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य गांव में फैली सामाजिक कुरीतियों पर लगाम लगाना है। उन्होंने कहा कि गांव में शराब के चलते घरेलू हिंसा के मामले बढ़ रहे हैं। इन पर लगाम लगाने के लिए गांव को पूर्णतया शराबमुक्त बनाना होगा। उनके इस सुझाव पर उपस्थित सभी मौजिज लोगों ने सहमति जताई और गांव में शराबबंदी करने का प्रस्ताव पास कर दिया।
विज्ञापन

पूर्व सरपंच ओमप्रकाश ने कहा कि गांव में मांगलिक अवसरों पर डीजे का प्रयोग ग्रामीण कर रहे हैं। इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। डीजे पर बजने वाले अश्लील गाने हमारी सभ्यता के लिए खतरा है। इनसे समाज में अश्लीलता फैल रही है। इसलिए इसके दुष्प्रभावों को देखते हुए पंचायत को डीजे पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। उनके इस सुझाव को अन्य पंचायत सदस्यों व मौजिज लोगों ने अपना समर्थन दिया।
सरपंच प्रतिनिधि सुंदर सिंह ने पंचायत की जानकारी देते हुए बताया कि करीब एक घंटे चली पंचायत में अन्य सामाजिक कुरीतियों पर भी मंथन किया गया है। जल्द ही समाजहित के लिए पंचायत और फैसले भी लेगी। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में कोई ग्रामीण डीजे का प्रयोग करते पकड़ा गया तो उससे पंचायत 21 हजार रुपये जुर्माना वसूलेगी।

शराब पीते पकड़े जाने पर लगेगा 2100 रुपये जुर्माना
सरपंच प्रतिनिधि सुंदर सिंह ने बताया कि उनके गांव में शराब का ठेका नहीं है। पहले दो-तीन ग्रामीण घर पर रखकर शराब बेचते थे लेकिन अब इन्होंने फोन करने पर घरों में शराब पहुंचानी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि अगर कोई गांव में शराब बेचता पकड़ा गया तो उस पर 21 हजार रुपये व सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते मिलने पर पंचायत 2100 रुपये का जुर्माना लगाएगी।
विज्ञापन

इस अवसर पर नंबरदार बुद्धराम, संजय नंबरदार, राजकुमार पंच, संदीप पंच, नरेश कुमार पंच, विजय पाल ठेकेदार, संत लाल, ढिल्लू, पूर्ण सिंह, देवेंद्र, राजकुमार पूर्व बीडीसी, रामकुमार प्रधान, मा. केहर सिंह, बलराम वैद्य, दादा धर्मों सहित गांव के बुद्धिजीवी एवं गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें