अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां। दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग पर बुधवार सुबह एक गाड़ी संदिग्ध परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में गाड़ी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। फिलहाल घायलों के पुलिस बयान दर्ज नहीं हो पाए। घायल युवक मौड़ी व नौसवा गांव के रहने वाले हैं। बौंदकलां थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मौड़ी निवासी संजय व नौसवा निवासी योगेश बुधवार सुबह करीब तीन बजे अपनी गाड़ी में सवार होकर रोहतक की तरफ जा रहे थे। जब वो गांव मिसरी के समीप पहुंचे तो संदिग्ध परिस्थितियों में गाड़ी चालक संतुलन खो बैठा। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में कार सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों और ग्रामीणों ने घायलों को संभाला और तुरंत उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद दोनों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। घटना में उनकी गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना पाकर बौंदकलां थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायलों के पुलिस बयान दर्ज न होने से घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया था।