अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
पुलिस प्रशासन को आंगनबाड़ी और हेल्पर वर्करों ने शनिवार को खूब छकाया। हेल्पर और आंगनबाड़ी वर्कर्स ने दो दिन पूर्व गिरफ्तारी देने का ऐलान किया था। जिस पर प्रशासन ने अपनी ओर से शनिवार को पर्याप्त इंतजाम कर रखे थे, जोकि अधूरे पड़ गए। करीब एक हजार आंगनबाड़ी वर्कर्स ने प्रशासन को गिरफ्तारी के लिए दो बजे अपना संदेश दिया। जिस पर प्रशासन ने सात बसों में उनको हिरासत में लेना शुरू कर दिया, लेकिन वर्कर की संख्या अधिक होने के कारण प्रशासन उलझन में पड़ गया कि अब क्या किया जाए। जिस पर रास्ता निकाला गया कि वर्करों को सचिवालय के साथ लगती अनाज मंडी में रिहा कर दिया जाए, जिसके बाद फिर से बसों को भेज दिया जाए।
लेकिन आंगनबाड़ी वर्कर्स ने अनाज मंडी में उतरने से मना कर दिया, जिस पर प्रशासन सभी को पुलिस लाइन में ले गया। जहां करीब एक घंटे तक ड्रामा करने के बाद वर्कर बसों से उतरीं। इसके चलते शनिवार को प्रशासन की सांस फूली रही। वहीं, आंगनबाड़ी वर्कर्स का दावा है कि 2185 वर्कर्स ने गिरफ्तारी दी है। इस मौके पर आंगनबाड़ी वर्कर्स की राज्य प्रधान छोटा देवी ने कहा कि आने वाला समय भाजपा के सामने संकट भरा समय होगा। कारण कि भाजपा के नेताओं को उनके कड़े विरोध चलते हेलमेट पहनकर गांवों में जाना पड़ेगा।
गीता भुक्कल ने दिया समर्थन
पूर्व शिक्षा मंत्री और झज्जर विधायक गीता भुक्कल ने शनिवार को लघु सचिवालय में चल रहे धरने को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि वर्करों के साथ सरकार अन्याय कर रही है, उनकी सरकार आने के बाद वे उनकी सभी मांगों को पूरा करेंगे। भुक्कल ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार ने समाज की बेटियों पर ही अपना दमनचक्र चलाया है। महिलाओं पर लाठी चार्ज करने की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा किया जाना न्याय संगत नहीं है और आने वाले समय में इसके गंभीर परिणाम सरकार को भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार को दो दिन का समय दिया है, अगर वर्करों की मांगें नहीं मानी तो कांग्रेस भाजपा नेताओं को विरोध करने के लिए सड़कों पर उतरेगी।
काले झंडे से होगा सीएम का स्वागत: छोटा देवी
रविवार को विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री झज्जर जिले में आ रहे है। लेकिन यहां उनका स्वागत फूलों से नहीं बल्कि काले झंडों से किया जाएगा। यह कहना था आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर की प्रदेशाध्यक्ष छोटा देवी गहलावत का। उन्होंने कहा कि विरोध के लिए जिलेभर की आंगनबाड़ी वर्कर्स ने अपनी पूरी रणनीति तैयार कर ली है और सीएम का स्वागत काले झंडे व काली चुन्नियां दिखाकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शनिवार को 2185 आंगनबाड़ी वर्कर्स ने गिरफ्तारी दी है।
केवल हिरासत में लिया : जगबीर
आंगनबाड़ी वर्कर्स को केवल हिरासत में लेकर पुलिस लाइन में रिहा कर दिया गया था। गिरफ्तारी नहीं करने के चलते उनकी गिनती नहीं की गई। प्रशासन ने कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
- जगबीर, नायब तहसीलदार, झज्जर।