राजेश हत्याकांड: एसपी ने किया घटनास्थल का मुआयना
चरखी दादरी।
उमरवास निवासी राजेश श्योराण के हत्या मामले में पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने वीरवार देर रात घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद शुक्रवार शाम उन्होंने इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की बैठक भी ली। पुलिस अधीक्षक ने एसआईटी टीम से जांच की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की। पुलिस सूत्रों की मानें तो मृतक राजेश का मोबाइल भी पुलिस को बरामद हुआ है और यह जांच को आगे बढ़ाने में पुलिस के लिए मददगार साबित होगा।
ज्ञात रहे कि उमरवास निवासी राजेश श्योराण का शव पुलिस को बुधवार देर रात कलियाणा मोड़ के समीप खुर्द-बुर्द हालत में मिला था। मृतक के परिजनों ने इस संबंध में हत्या की आशंका जाहिर की थी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय एसआईटी भी गठित थी। इसके बाद देर रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस अधीक्षक खुद कलियाणा मोड़ के समीप मौके-ए-वारदात का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने जांच अधिकारी व एसआईटी टीम सदस्यों को मौके पर बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद शुक्रवार शाम करीब चार बजे उन्होंने अपने कार्यालय में एसआईटी की बैठक लेकर केस की जांच रिपोर्ट तलब की। उन्होंने एसआईटी को जल्द से जल्द मामला सुलझाने के दिशा-निर्देश दिए।
वर्जन::
मैंने एसआईटी को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस जल्द से जल्द इस प्रकरण को सुलझा लेगी। पुलिस की जांच में जो भी सामने आएगा उसी आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
हिमांशु गर्ग, एसपी