अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांव घसोला निवासी एक व्यक्ति के साथ 40 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने बुधवार को इस संबंध में सदर थाना पुलिस को शिकायत भी सौंपी है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को वह नंबर भी बताया जिससे उसके पास कॉल की गई थी।
पुलिस को दी शिकायत में घसोला निवासी बिजेंद्र ने बताया कि गत 27 अगस्त को मेरे मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले शख्स ने खुद को बैंक अधिकारी बताया। बिजेंद्र ने शिकायत में बताया कि उक्त शख्स ने उसे कहा कि उसका एटीएम कार्ड बंद हो चुका है और अगर इसे दोबारा चालू कराना चाहते हो तो इसके लिए पिन नंबर बताना पड़ेगा। पीड़ित ने बताया कि वह उसके झांसे में आ गया और उसने एटीएम पिन सहित अन्य ब्योरा भी उसे दे दिया। बिजेंद्र ने बताया कि उक्त शख्स ने कुछ देर बाद एटीएम कार्ड चालू होने की बात कहते हुए फोन काट दिया। कुछ देर बाद ही उसके मोबाइल पर खाते से नकदी निकलने का मैसेज आया। जब उसने मैसेज देखा तो उसे पता चला कि 40 हजार की राशि उसके खाते से निकाली गई है। बिजेंद्र ने बताया कि इसके बाद वह बैंक शाखा पहुंचा और बैंक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इस दौरान जब उसके खाते की डिटेल चेक की गई तो 40 हजार की नकदी निकलने की पुष्टि हुई।
बिजेंद्र ने बुधवार शाम सदर थाना पुलिस को शिकायत सौंपी जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई प्रवीन कौशिक ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित द्वारा बताए गए फोन नंबर की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।