कुत्ते से टकराई बाइक, चालक की मौत
चरखी दादरी।
झोझू खुर्द के समीप कुत्ते से टकराने के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ने से निहालगढ़ निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई। आदमपुर चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में कराया गया और मृतक के बेटे के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। मृतक अपने गांव से गुरुग्राम किसी कार्य से जा रहा था।
जानकारी के अनुसार निहालगढ़ निवासी राजकुमार गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर था। मंगलवार को वह बाइक पर गुरुग्राम जाने के लिए निकला था। झोझू खुर्द के समीप सड़क पर अचानक कुत्ता सामने आ गया। कुत्ते से टकराने के बाद उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने इसकी सूचना घायल के परिजनों को दी। इसके तुरंत बाद परिजन उसे लेकर दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पर आदमपुर चौकी पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के बेटे नीरज के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की। आदमपुर चौकी इंचार्ज देवेंद्र डबास ने बताया कि मृतक गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में बतौर सुपरवाइजर कार्यरत था और कुत्ते से बाइक टकराने के बाद संतुलन खो बैठा। सिविल अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।