झिंझर फरसा कांड: मामले के निपटान के लिए दोनों पक्षों को पुलिस ने बुलाया थाने
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव झिंझर में मंदिर में लगा भगवान परशुराम का फरसा उखाड़कर ले जाने के मामले में दोनो पक्षों के लोग अलग-अलग रूप में एसपी से मिले। अब एक पक्ष की तरफ से यह फरसा दोबारा मंदिर में न लगाने देने पर तनाव बढ़ने पर पुलिस ने दोनो पक्षों को रविवार को बौंद कलां पुलिस थाने में बुलाया है ताकि इस विवाद को निपटाया जा सके। वीरवार को गांव झिंझर के मंदिर में लगे भगवान परशुराम के फरसे को कुछ लोग उखाड़कर ले गए थे। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज किया था। इसे लेकर शुक्रवार को गांव झिंझर में करीब 35 गांवों की बैठक आयोजित की थी। इसमें इस घटना पर कड़ा रोष प्रकट किया गया था। बैठक में 31 सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया था तथा इस संबंध में एसपी और डीसी से मिलने का निर्णय लिया गया था। शनिवार को इस संबंध में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद मामला और पेचीदा हो गया। इसे लेकर ब्राह्मण समाज के करीब 40 व्यक्ति शनिवार को एसपी सुनील दलाल से मिले तथा अपना पक्ष रखा। ब्राह्मण समाज से मास्टर ओमप्रकाश ने बताया कि एसपी ने दोनो पक्षों को रविवार को बौंद कलां पुलिस थाने में बुलाया है ताकि यह विवाद और आगे न बढ़ने पाए। इस संबंध में दूसरे पक्ष के लोग भी एसपी से मिले तथा पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। एसपी ने दोनो पक्षों की सुनने बाद ही उन्हें रविवार को बौंद कलां पुलिस थाने बुलाया है।