अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। कस्बे के गांव कारी रूपा में रहस्यमयी बीमारी से छह पशुओं की मौत हो गई। पशुपालकों ने बताया कि मामले की जानकारी देने के बाद भी न तो पशुपालन विभाग गंभीर है और न जिला प्रशासन। उनकी नजरअंदाजी से पशुपालकों में रोष बना हुआ है। ग्रामीण राजेंद्र व होशियार सिंह ने बताया कि उनकी एक भैंस, एक कटड़ी, एक गाय सहित तीन अन्य पशुओं की मौत हो चुकी है। उनके अलावा गांव में अन्य पशु पालकों के भी सात-आठ पशु मर चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनके दो पशु अभी भी बीमार है लेकिन न तो कोई विभाग की टीम यहां आई है और न ही प्रशासन कोई कदम उठा रहा है। इसके चलते पशुपालकों को लाखों का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम मौके पर आकर जांच करें और अन्य पशुओं को भी दवा दें ताकि मवेशियों को मौत के मुंह में जाने से बचाया जा सके। इस बारे में डॉ. देशवाल ने बताया कि दो पशुओं की मौत हार्ट अटैक से हुई है जबकि एक पिछले कई दिनों से बीमार था। उन्होंने बताया कि बीमार पशुओं को भी दवा दी जा रही है।