अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। कबीर बस्ती में दस दिन पहले वाटर टैंकर की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत के मामले में लोगों में अभी तक रोष है। मंगलवार को परिजनों व आसपास के लोगों ने कबीर बस्ती में जाम लगा दिया। परिजनों ने कहा कि आरोपी वाटर टैंकर चालक खुला घूम रहा है, पुलिस ढिलाई बरत रही है। उधर पुलिस ने कहा कि वे एफआईआर दर्ज कर चुके हैं, अब आगे की कार्रवाई न्यायालय करेगा। दरअसल, कबीर बस्ती निवासी करीब पांच वर्षीय प्रियांशु 10 फरवरी की सुबह परचून की दुकान में टॉफी लेने गया था। टॉफी लेकर जब प्रियांशु पुत्र संदीप घर लौट रहा था तो घर के नजदीक वह एक वाटर टैंकर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। तब परिजनों ने खूब हंगामा किया था, ट्रैक्टर चालक को मौके से काबू कर लिया गया था। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था। बताते हैं कि फिलहाल आरोपी जमानत पर है।
पुलिस बोली, आगे की कार्रवाई अब कोर्ट में होगी
आरोपी चालक को खुला घूमता देखकर परिजनों में रोष पनप गया। मंगलवार की दोपहर परिजनों व कॉलोनी के लोगों ने नागरिक अस्पताल की सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने कहा कि पुलिस ने चालक के खिलाफ एफआईआर तो दर्ज की लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया। उनके बच्चे की मौत का कारण बनने वाला आरोपी अब खुला घूम रहा है। जब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं करती वे जाम नहीं खोलेंगे। वहीं सूचना मिलते ही सिटी थाने से कार्यवाहक थाना प्रभारी तेलूराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया। काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए और जाम खोला। जाम खुला तो वाहन चालकों को राहत मिली। इसके बाद परिजन डीएसपी बहादुरगढ़ से मिले। डीएसपी अजायब सिंह ने उनसे कहा कि अपने स्तर पर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। आगे की कोई भी कार्रवाई अब कोर्ट में होगी।