बहू ने घर में घुसकर सास से की मारपीट, धमकी भी दी
बहादुरगढ़।
थाना शहर क्षेत्र के अंतर्गत मॉडल टाउन कालोनी में बहू द्वारा जबरदस्ती घर में घुसकर अपनी सास के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी बहू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नाहरा-नाहरी रोड पर स्थित मॉडल टाउन कालोनी में एक बहू ने जबरदस्ती घर में घुसकर अपनी सास के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला सविता शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके दो लड़के हैं। बड़ा लड़का तरुण शर्मा उसके साथ रहता है जबकि छोटा लड़का वरुण शर्मा उससे अलग रहता है। उसे उसने काफी समय पहले बेदखल कर दिया था। महिला ने बताया कि 5 जून की शाम करीब 8 बजे एक लड़की दीपिका दत्त उसके घर में जबरदस्ती घुस गई और उसके साथ मारपीट करने लगी और कहा कि मैं वरुण की पत्नी हूं तूने मेरा जीना हराम कर रखा है। मेरे को धक्का देकर मेरे मुंह पर कई थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि दीपिका ने उसे घर पर न रखने पर जान से मारने की धमकी दी है और कहा है कि वह उसे मारकर घर में घुस जाएंगी। सविता ने बताया कि वह पहले भी कई बार इस तरह की हरकत कर चुकी है। पुलिस को भी अवगत कराया गया है। महिला ने बताया कि दीपिका की मां देवकी दत्त, पिता गणेश दत्त, भाई प्रभात दत्त भी उसकी मदद कर रहे हैं। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने महिला सविता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
-----------------