अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। रेलगाड़ी की चपेट में आने तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची खेलते-खेलते रेलवे लाइन तक पहुंच गई। दादरी रेलवे पुलिस ने शव का दादरी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
रेवाड़ी-हिसार रेलमार्ग पर शुक्रवार को गांव कोसली में मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्ची दीपिका की मौत हो गई। दादरी जीआरपी चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि बच्ची घर से खेलते -खेलते रेलवे लाइन तक पहुंच गई। उनका मकान रेलवे लाइन के समीप ही पड़ता है। परिजनों को इसका पता नहीं चल पाया। इसी बीच दिन में करीब 11 बजे मालगाड़ी के नीचे आने से बालिका दीपिका की मौत हो गई। मालगाड़ी चालक ने इसकी सूचना कोसली स्टेशन के अधिकारियों को दी। कोसली से घटना की सूचना चरखी दादरी रेलवे पुलिस को मिली। कोसली रेलवे स्टेशन चरखी दादरी जीआरपी के अधिकार क्षेत्र में होने की वजह से दादरी जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को अपने कब्जे में लिया। चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि बच्ची के शव को दादरी सिविल अस्पताल लाया गया और मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत होने संबंधी कागज कार्रवाई की है।