अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। समसपुर निवासी एक युवक ने कार और बाइक सवार युवकों पर मारपीट, फायरिंग कर धमकी देने का आरोप लगाया है। घायल ने इस संबंध में सदर पुलिस को शिकायत सौंपी है। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव समसपुर निवासी चांदवीर ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे वह अपने घर के बाहर गली में फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान एक गाड़ी और बाइकों पर सवार होकर आठ-दस युवक वहां आ गए। उक्त युवकों ने उससे एक युवक के बारे में पूछा। जब उसने जानकारी न होने की बात कही तो एक युवक ने हाथ में लिया डंडा उसके बाजू पर दे मारा। इसके बाद उक्त युवक ने उसे धमकी भी दी। शिकायतकर्ता युवक ने आरोप लगाया कि इस दौरान उक्त हमलावरों में से एक ने फायर किया और उसे धमकी देकर वहां से चले गए। इसके बाद उसने मामले की जानकारी अपने परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस को दी शिकायत में चांदवीर ने कुछ युवकों के नाम भी बताए हैं। इसके आधार पर पुलिस ने कुछ नामजद और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी जगराम ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।