अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांधी नगर निवासी दो भाइयों ने अपने पड़ोसियों पर ही घर में घुसकर हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। इस हमले में एक युवक का कान भी कट गया और घायल को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में घायल पंकज ने बताया कि वह अपने भाई विकास के साथ रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता है। 18 नवंबर को वे दोनों दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उसकी पत्नी ज्योति का उसके पास फोन आया। उसने बताया कि मां शशी के साथ पड़ोस के कुछ लोग झगड़ा कर रहे हैं। इसके तुरंत बाद वे दोनों भाई घर पहुंचे। पंकज ने बताया कि इसी दौरान उनके पड़ोस के लोग भी उनके घर में घुस आए और उन दोनों पर हमला कर दिया। इस हमले में उसके भाई विकास को चोटें आईं तो उसका भी कान कट गया। घायल ने बताया कि आरोपियों ने जाने से पहले उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद परिजनों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया। मामले की सूचना पाकर सिटी थाना पुलिस पीजीआई पहुंची और घायल पक्ष के बयान दर्ज कर हमलावर पक्ष के लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।