मृतक के परिजनों को संभालते लोग।
- फोटो : Bahadurgarh
शहर की नई बस्ती में रहने वाले कोर्ट के नाजर ने शुक्रवार की शाम घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही डीएसपी समेत थाना लाइनपार प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शहर के नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम शनिवार को होगा। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शहर की नई बस्ती की गली नंबर 1 में स्थित एक मकान में किराये पर रहने वाले मूल रूप से झज्जर निवासी नरेंद्र ने शुक्रवार की शाम करीब चार बजे घर में ही फंदा लगा लिया। नरेंद्र परिवार समेत नई बस्ती में रह रहा था। बताया गया है कि नरेंद्र शुक्रवार को कोर्ट गया था। दोपहर के समय भोजनावकाश के दौरान वह अपने घर पर आया था। इसी दौरान उसने रस्सी से फंदा लगा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक नरेंद्र की पत्नी किसी प्राइवेट स्कूल में टीचर है। वह स्कूल की छुट्टी के बाद घर पहुंची तो पति द्वारा फंदा लगा लिए जाने के बारे में पता चला। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। बताया गया है कि मृतक के पास दो बच्चे हैं, जिनमें एक लड़का व एक लड़की है। नाजर द्वारा फंदा लगाकर जान देने के मामले की सूचना मिलने पर डीएसपी राहुल देव के अलावा लाइनपार थाना एसएचओ निरीक्षक देवेंद्र समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए थे।