गांव कानौंदा में एक आश्रम के बाहर खड़े ग्राम सरपंच व जांच के लिए आए हुए स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। क्षेत्र के गांव कानौंदा मेें उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से आए दो व्यक्तियों को एक आश्रम के अंदर ही रहने के लिए कहा गया है। वे कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में तो नहीं हैं, इसका पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम को भी बुलाया गया। हालांकि उनमें किसी तरह के कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले। एहतियात के तौर पर ग्राम सरपंच अशोक कुमार ने दोनों व्यक्तियों को उक्त आश्रम के अंदर ही रहने के लिए कहा है। साथ में उनसे अन्य लोगों के मिलने पर दूरी बनाने के लिए कहा है। इसके अलावा उन्हें खाने-पीने का जो भी सामान दिया जाना है, उन्हें बाहर से ही दिया जाएगा। बता दें कि इस आश्रम में एक व्यक्ति लॉकडाउन से पहले ही यहां रह रहा है। ऐसे में अब उसे भी अंदर ही रहने व वहीं पर खाने-पीने का सामान उपलब्ध कराए जाने के लिए कहा गया है। सरपंच अशोक ने बताया कि उनके गांव में कोई भी व्यक्ति अभी तक कोरोना वायरस से ग्रस्त नहीं है। एहतियात के तौर पर सरकार व प्रशासन की ओर से जो भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं उनका पालन किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से लॉकडाउन का पालन करने व कोरोना वायरस के खात्मे के लिए घरों में ही सभी लोगों के रहकर सहयोग दिए जाने की अपील की है।