बहादुरगढ़। धर्मपुरा कॉलोनी की गली नंबर-3 में पखवाड़ा भर से सीवर ओवर फ्लो की समस्या गहराई हुई है। आलम यह है कि सीवर का गंदा पानी गली व घरों में जमा हो रहा है। बरसात में तो समस्या और ज्यादा विकराल हो गई है। सीवर के साथ अब बरसात का पानी भी लोगों के घरों में भरा हुआ है। प्रभावित लोगों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग के आला अधिकारियों तक अवगत करा चुके हैं, मगर समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो पाया है। यहां तक वे सीएम विंडो पर भी समस्या के समाधान की गुहार लगा चुके है।
धर्मपुरा कॉलोनी निवासी तरूण मदान, गुलशन मुंजाल, सुनीता शर्मा, कमल बतरा, कमलेश बतरा, संदीप सलूजा ने बताया कि उनकी गली में पखवाड़ा भर से सीवर ओवर फ्लो की समस्या गहराई हुई है। सीवर बैक मार रहा है। जिससे सीवर का गंदा पानी घरों में जमा हो रहा है। घरों में दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। जहां नजर डालो वहां गंदगी ही गंदगी नजर आती है। चंद्रभान के मकान में तो पिछले कई दिनों से सीवर का गंदा पानी जमा है। जिससे उनका यहां रहना तक दूभर हो गया है। दीवारों में सीलन और फर्श पर गंदा पानी फैला हुआ है। उन्होंने बताया कि अमृत योजना के तहत जो सीवर लाइन डाली डाली गई थी, उसमें उनकी गली का कनेक्शन नहीं किया गया, जिससे अब गली नंबर-3 में सीवर ओवर फ्लो की समस्या गहराई हुई है। वे इस समस्या के बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के साथ सीएम विंडो पर भी शिकायत दे चुके है। मगर समस्या का समाधान करने की बजाय सभी पल्ला झाड़ने में लगे हुए है। लोगों ने प्रशासन से उक्त समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। ताकि यहां के लोग राहत की सांस ले सके।
-फोटो 59 : चंद्रभान के मकान में जमा सीवर का पानी।
-