झज्जर। नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को वित्तीय कमेटी की बैठक में कुल 16 करोड़ 72 लाख 58 हजार रुपये के 26 विकास कार्यों को रखा गया। इसमें केवल 12 करोड़ 77 लाख 47 हजार रुपये के 16 विकास कार्यों पर सहमति बन सकी। बाकी 5 करोड़ 93 लाख 11 हजार रुपये के विकास के कार्यों पर सहमति नहीं बन सकी। नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को वित्तीय कमेटी की बैठक चेयरमैन जिले सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में भाजपा कार्यालय के पास से जाने वाले रेवेन्यू रास्ते के निर्माण पर सहमति नहीं बनी। साथ ही शहर में आए दिन बंदर काटने के मामले में फिलहाल नगर परिषद की तरफ से राहत नहीं मिली। इस पर वित्तीय स्वीकृति देने से कुछ सदस्यों ने इंकार कर दिया। बंदरों को पकड़ने के लिए लगभग 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जानी थी। साथ ही नगर परिषद के स्टॉफ को भी अभी क्वार्टरों के लिए इंतजार करना होगा। इसके लिए पहले जगह चिहिन्त की जाएगी और बाद में आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। इन पर लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जानी थी। बैठक में वित्तीय कमेटी द्वारा कुल 16 कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें सबसे ज्यादा 3 करोड़ 14 लाख 53 हजार रुपये की राशि शहीदी पार्क के सुंदरीकरण और विकास पर खर्च होंगे। इसी प्रकार से 2 करोड़ 60 लाख 39 हजार रुपये मंगलीराम पार्क और अग्रसेन पार्क के सुंदरीकरण और विकास पर खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 2 करोड़ 4 लाख रुपये की राशि वार्ड नंबर-15 रहणिया रोड पर सीसी रोड और नाले का निर्माण का काम किया जाएगा। इसी प्रकार 1 करोड़ 80 लाख रुपये वार्ड नंबर-4 कच्चा सुर्खपुर रोड पर दोनों तरफ नालों के निर्माण पर खर्च होंगे। यहां बता दें कि सरकार की अधिसूचना के अनुसार विकास के कार्यों के लिए वित्तीय कमेटी की अनुमति जरूरी होती है। एक करोड़ रुपये तक के कार्यों की स्वीकृति वित्तीय कमेटी, एक से ढाई करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति जिला नगर आयुक्त और ढाई करोड़ से अधिक के कार्यों की स्वीकृति निदेशालय शहरी स्थानीय निकाय विभाग प्रदान करता है। इस अवसर पर चेयरमैन जिले सिंह जागलान, उपप्रधान अंशुल, सदस्य दिनेश, सविता यादव, दिनेश मौजूद रहे।
बैठक में इन कार्यों को मिली प्रशासनिक मंजूरी
-स्ट्रीट लाइट पोल पर तिरंगा लाइट- 26.33 लाख
-पार्किंग की मार्किंग योजना के तहत सरकारी कार्यालय, बैंक परिसर, अस्पताल सहित अन्य जगह-4.17
-सविता झाडली के मकान से बुद्धो माता मंदिर और कच्चा सुर्खपुर रोड शमशान वाली गली का निर्माण-37.97
- विभिन्न पार्कों में ओपन जिम उपकरण और झूलों की रिपेयर और स्थापित करना-15 लाख
-राम बाग शमशान घाट का सीसी निर्माण-18.05 लाख
-डायमंड चौक से आंबेडकर चौक तक नाला-16.20 लाख
-वार्ड नंबर-4 में कच्चा सुर्खपुर रोड पर दोनों तरफ नालों का निर्माण-1 करोड़ 80 लाख
-बीकानेर चौक स्थित भट्ठी गेट की रिपेयर-3.50 लाख
-पोल और लाइट लगाना-60 लाख
-मंगलीराम और अग्रसेन पार्क का सुंदरीकरण और विकास-260:39 लाख
-विभिन्न चौकों का सुंदरीकरण और विकास-21.73 लाख
-शहीदी पार्क का सुंदरीकरण और विकास-314.53 लाख
-नई एनईडी लाइट की खरीद-50 लाख
-वार्ड नंबर-15 रहणिया रोड पर सीसी रोड और नाले का निर्माण-204 लाख
-वार्ड नंबर-3 गाजी कमान रोड पर नाले का निर्माण-49.80
-ईसीएचएस से नरेश शर्मा के मकान तक सीसी सड़क का निर्माण-15.80 लाख
वित्तीय कमेटी की बैठक में करोड़ों रुपये के विकास के कार्यों को मंजूरी दी गई है। जल्द ही टेंडर को लेकर बैठक बुलाकर काम भी शुरू कराए जाएंगे। व्यापारियों की मुख्य समस्या को लेकर भी नाले निर्माण को मंजूरी बैठक में दे दी गई है।
अंशुल प्रवीण गर्ग, उपप्रधान, नगर परिषद, झज्जर
बैठक में 16 कार्यों को मंजूरी दी गई है। बाकी वार्डों के काम थे, उनको जल्द ही बैठक बुलाकर उसमें रखा जाएगा। शहर के विकास को लेकर नगर परिषद गंभीर है। जल्द ही टेंडर भी लगा दिए जाएंगे।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर