झज्जर। सोमवार को समाधान शिविर में उपायुक्त शक्ति सिंह ने समाधान शिविर में आमजन की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में 63 नागरिकों की शिकायतों पर सुनवाई करते हुए समाधान किया गया।
समाधान शिविर में खातीवास निवासी अनीता व मातन निवासी प्रियांशु ने दिव्यांग पेंशन को लेकर शिकायत देते हुए समाधान की फरियाद लगाई। डीसी ने तुरंत सुनवाई करते हुए समाज कल्याण अधिकारी को बिना देरी के कार्रवाई शुरू करते हुए पेंशन बनाने के निर्देश दिए। नया गांव निवासी जितेंद्र ने जमीन पर कब्जा करने की शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की। रणबीर व शेर सिंह ने बुढ़ापा पेंशन बनवाने की शिकायत दी। साल्हावास निवासी ओमप्रकाश ने ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने में देरी की शिकायत शिविर में दर्ज करवाई।
दूबलधन निवासी रोहतास ने गांव में बिजली आपूर्ति का शेड्यूल सही करने की मांग की। इस मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। खाचरौली गांव निवासी जयभगवान ने गली निर्माण को लेकर शिकायत दी। इसके अलावा इंतकाल, पुलिस विभाग, जमीन रजिस्ट्री आदि की शिकायतें समाधान शिविर में पहुंची। उपायुक्त ने सभी शिकायतों के तुरंत समाधान करते हुए नागरिकों को राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों का रुझान समाधान शिविर को लेकर दिनोंदिन बढ़ रहा है। शिविरों के आयोजन से विभागों में शिकायतें कम हुई हैं और प्रशासन के प्रति नागरिकों में विश्वास में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि शिविर की शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है व निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।