बहादुरगढ़। बीते मंगलवार की रात नयागांव बाईपास चौक के निकट यूपी पुलिस की वर्दी में आए बदमाशों की ओर से 13 लाख रुपये लूटने की शिकायत झूठी निकली है। अपनी कंपनी के ये 13 लाख रुपये डकारने के लिए युवक ने खुद ही यह कहानी रची थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए शिकायतकर्ता युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
सदर थाना बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि कुरुक्षेत्र के गांव फूलगढ़ के निवासी गगनदीप ने गत मंगलवार को एचएल सिटी पुलिस चौकी में 13 लाख रुपये लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में यह शिकायत फर्जी निकली है। पुलिस चौकी एचएल सिटी में तैनात सहायक उप निरीक्षक प्रवीण कुमार की पुलिस टीम ने लूटपाट की झूठी खबर फैलाने वाले आरोपी गगनदीप को काबू कर लिया है। उसके कब्जे से छिपाए गए 13 लाख रुपये और घटना में प्रयोग की गई गाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर बहादुरगढ़ में मामला दर्ज करके जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
शिकायत में गगनदीप ने बताया था कि वह एयर टिकट बुकिंग एजेंट है। मंगलवार की दोपहर बाद वह घर से 13 लाख रुपये लेकर दिल्ली के द्वारका के लिए चला था। उसको यह राशि कंपनी के दिल्ली ऑफिस पहुंचानी थी। वह अपनी स्विफ्ट कार से बहादुरगढ़ बाईपास होकर दिल्ली जा रहा था। बहादुरगढ़ बाईपास पर नयागांव चौक के निकट पहुंचा तो सड़क किनारे कार के साथ खड़े यूपी पुलिस की वर्दी पहने कुछ पुलिसकर्मियों ने इशारा देकर उसको रुकवाया। कार रुकते ही चार लोग उसके पास आए और कार की जांच करने लगे। उन्होंने कार में एक कट्टे (बोरी) में रखे 13 लाख रुपये उठाकर अपनी कार में रखे और भाग गए। गगनदीप की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही थी। मामला झूठ निकला है।