झज्जर। जिला निर्वाचन अधिकारी शक्ति सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग ने तकनीक का इस्तेमाल करते हुए चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया है।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं को सशक्त करते हुए चुनाव व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने सी-विजिल एप बनाया है। इस पर कोई भी नागरिक फोटो, वीडियो व ऑडियो बनाकर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन बारे शिकायत दर्ज कर सकता है। शिकायत मिलते ही 100 मिनट के अंदर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। खास बात यह है कि एप नागरिकों को उनके व्यक्तिगत पहचान का खुलासा किए बिना गुमनाम रूप से शिकायत करने की भी अनुमति देता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सी-विजिल एप आचार संहिता का उल्लंघन करने जैसे मुफ्त उपहार, शराब वितरण, तय समय के बाद लाउडस्पीकर बजाने आदि की रिपोर्ट करने के लिए सशक्त बनाता है। मोबाइल एप का उपयोग करके नागरिक लाइव फोटो या वीडियो कैप्चर करके अपलोड कर सकते हैं। सी-विजिल पर दर्ज होने वाले प्रत्येक मामले पर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। 100 मिनट में की गई कार्रवाई के साथ शिकायतकर्ता के पास जवाब भेजा जाता है।