बहादुरगढ़। कुश्ती, कबड्डी के लिए पहचान बनाने वाले हरियाणा में रग्बी खेल भी अपने पांव जमा रहा है। इसको बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रतियोगिताएं हो रही हैं। इसी कड़ी में आगामी 28 जनवरी को राई स्थित मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल में सातवीं रग्बी सब जूनियर स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। कोच प्रवीण छिल्लर ने बताया कि रग्बी के प्रति बच्चों, युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। 28 जनवरी को राई में सब जूनियर स्टेट चैंपियनशिप कराई जा रही है। स्कूल के डायरेक्टर कर्नल अशोक मोर, रग्बी फेडरेशन ऑफ हरियाणा के प्रेसिडेंट सरविंदर डबास, मुकेश मास्टर सहित अन्य मौजिज लोगों की मौजूदगी में प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा।