बहादुरगढ़। बारिश के बाद विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया है। इसके चलते डेंगू मच्छर के पनपने की संभावना कहीं ज्यादा बन गई है। ऐसे में बहादुरगढ़ नगर परिषद द्वारा डेंगू से बचाव को लेकर शहर में अनेक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर लगाए हैं।
पोस्टर के जरिये डेंगू मच्छर को पनपने से रोकने, बचाव व लक्षण के बारे में बताया गया है। पोस्टरों के माध्यम से बताया गया कि डेंगू बुखार मच्छर के काटने से फैलता है। उक्त मच्छर साफ खड़े पानी में पैदा होता है और सावधानी रखते हुए कूलर को साफ रखना और पानी सप्ताह में कई बार बदलना चाहिए। इस तरह डेंगू से बचाव किया जा सकता है। रेफ्रिजरेटर के पीछे अतिरिक्त पानी की ट्रे को हर हफ्ते साफ करना चाहिए तथा अपने आसपास पानी नहीं खड़ा रहने देना चाहिए। यदि पानी खड़ा है तो उसमें डीजल या काला तेल डाल देना चाहिए, उससे मच्छर पैदा नहीं हो पाता। डेंगू को हड्डी तोड़ बुखार भी कहते हैं क्योंकि इसमें सर्दी-खांसी के अलावा बदन दर्द के साथ तेज बुखार भी रहता है। इसके अलावा आंख के पिछले भाग में दर्द, हथेली में खुजलाहट, शरीर पर चकत्ते उभर आते हैं। जब प्लेटलेट्स टूटने लगते हैं तो शरीर के किसी भी हिस्से से रक्तस्राव होने लगता है। डेंगू में अपने से इलाज घातक हो सकता है। कई बार लोग दर्द निवारक दवा का खुद से सेवन करने लगते हैं। जोकि काफी घातक हो सकता है। इससे प्लेटलेट्स और टूटने लगता है। इससे रक्तस्राव की आशंका रहती है।