संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। बहादुरगढ़ के सेक्टर 9 निवासी पीड़ित मुकेश डुलगच ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करता है। उसके पास 24 जून को रमिता नाम की एक महिला का पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया। उस महिला ने अपने आपको मेक माय ट्रिप का एंजेट बताया और अपनी एजेंट आईडी बताई। फिर उन्होंने टेलीग्राम के माध्यम से ही संपर्क करके मुझसे मेक माई ट्रिप पोर्टल पर लॉगिन आईडी व पासवर्ड बनवाया। उसके बाद उसे कहा गया कि आप पोर्टल पर लाॅगिन करके 30 टास्क पूरे करें और कमीशन पाएं। उसने 30 टास्क पूरे किए। इसके बाद 25 जून को उसके खाते में 1027 रुपये कमीशन के तौर पर आए। इसके बाद उन्होंने उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया।
इसके बाद महिला ने झांसा देकर 11 हजार रुपये ऑनलाइन लिंक भेजकर खाते में डलवाए। इस पर उसके खाते में 25 हजार 772 रुपये प्रॉफिट के तौर पर आए। इसके बाद उससे अधिक प्रॉफिट का लालच देकर 1 जुलाई को 60 हजार रुपये जमा करवाए। इसी दौरान ऑनलाइन अकाउंट में पेनाल्टी लगा दी। रमिता अग्रवाल ने कहा कि पासवर्ड पेनाल्टी भर दो, क्योंकि अब आपके पाॅर्टल पर कुल रकम 42 लाख रुपये हो गई है। उसने 4 लाख 25 हजार रुपये भर दिए। 35 टास्क पूरे होने पर पोर्टल पर उसकी कुल धनराशि 33 लाख रुपये दिख रही थी। जब रकम निकालने के लिए अप्लाई किया तो सिक्योरिटी फंड के 7 लाख 50 हजार रुपये ओर भरने को कहा गया। इसी तरह उन्होंने कुल 17.34 लाख रुपये उससे ठग लिए। पुलिस ने शिकायत पर रमिता अग्रवाल, जग्गन्नाथ वर्मा, माशा, शरथ सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।