बहादुरगढ़। इस बार मौसम बार बार रंग बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 12 साल में अप्रैल माह के अंतिम 15 दिन सबसे ठंडे रहे। पारा सामान्य से 12 डिग्री कम चल रहा है। मंगलवार को भी मौसम सुहाना बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि पांच मई तक हल्की बारिश के आसार हैं। सात से फिर गर्मी सताने लगेगी। सात से पारा 35 के पार जाना शुरू हो जाएगा।
मंगलवार को आसमान में बादल जरूर छाए रहे, लेकिन बरसे नहीं। तापमान भी एक डिग्री ऊपर की ओर बढ़ा। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं मंगलवार को तापमान 27 डिग्री पर पहुंचा। जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मई के पहले सप्ताह में तापमान 30 डिग्री के आसपास ही तापमान बना रहेगा। लोगों को गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा। दरअसल मई में चिलचलाती गर्मी का एहसास होता था, लेकिन इस बार हुई बारिश से तापमान सामान्य से 10-11 डिग्री कम है। ऐसे में लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार तीन मई को भी मौसम इसी तरह बना रहेगा। 4 मई को हल्की बारिश की संभावना है। 5 व 6 मई को मौसम शुष्क रहेगा। बाद छाए रहेंगे। इस दिन अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री के आसपास रहेगा। 7 मई को तापमान बढ़कर 35 डिग्री पर पहुंचेगा।
ठंडा पड़ा एसी कूलर का कारोबार
मौसम के बदले मिजाज ने एसी, कूलर की बिक्री भी काफी कम हो गई है। कोल्ड ड्रिंक के कारोबार को इन दिनों नुकसान पहुंचाया है।पिछले साल के मुकाबले एसी की बिक्री में 20 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसकी वजह से व्यापारी परेशान हैं। रेलवे रोड के एसी, कूलर के कारोबारी राकेश गर्ग ने बताया कि मौसम के टर्न लेने से अच्छे कारोबार की उम्मीद पर पानी फिर गया। अप्रैल- मई के शुरूआती दिनों में ही एसी और कूलर की खूब बिक्री होती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। इससे काफी नुकसान होने की आशंका है।
बदलते मौसम में रखें सेहत का ध्यान
बहादुरगढ़। कभी गर्मी, कभी ठंड, बदलता ये मौसम लोगों को बीमार कर सकता है। नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक संजीव कुक्कल ने कहा कि यह मौसम वायरल फ्लू के लिए अनुकूल हो जाता है। आमतौर पर गर्मी आते ही वायरल फ्लू के मामले कम हो जाते हैं, क्योंकि गर्मी में वायरस एक्टिव नहीं रह पाता, लेकिन अभी का मौसम वायरस को जिंदा रहने और फैलने दोनों में मदद कर रहा है। इसके अलावा अभी रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से मच्छर भी बढ़ रहे हैं। इस प्रकार का मौसम सेहत के लिए नुकसानदायक होता है। मई में गर्म पानी से नहाने वाला मौसम हो गया है। गर्मी से राहत मिली है, लेकिन अचानक मौसम में 10 डिग्री का उतार-चढ़ाव कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं। जिसमें बच्चे और बुजुर्ग दोनों शामिल हैं। जो लोग पहले से अस्थमा या सांस के मरीज हैं, उन्हें ज्यादा दिक्कत होती है। गला खराब, छाती में निमोनिया हो जाता है। उन्होंने कहा कि जब तक गर्मी नहीं आएगी, समस्या बनी रहेगी। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
इन बातों का रखें ध्यान
-ठंडक होने पर हल्के गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें।
-इस मौसम में रात को कूलर, एसी न चलाएं।
-ठंडा पानी और कोल्ड डि्रक न पिएं, आइसक्रीम से दूर रहें
-बारिश की वजह से मच्छर हो सकते हैं, आसपास पानी जमा न होने दें।