नप चेयरपर्सन सरोज राठी को सैनीपुरा के 99 फुटा मुख्य सरकारी रास्ता व रास्ते पर हुए जलभराव को दिख
बहादुरगढ़। सैनीपुरा व आसपास की कॉलोनी के निवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करने दिया जाएगा। नगर परिषद वार्ड के लोगों की समस्याओं का समाधान करेगी। यह बात नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने दयानंद नगर, शास्त्री नगर, सैनीपुरा, दलबीर नगर वाल्मीकि बस्ती, जटवाड़ा, धर्मपुरा कॉलोनी के लोगों द्वारा तीन मांगों को लेकर दिए जा रहे धरने पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने का विश्वास दिलाते हुए कही। साथ ही उन्होंने 82 लाख रुपये से सैनीपुरा में बनने वाले नाले का भी निरीक्षण किया।
धरने पर बैठे कॉलोनी के लोगों ने नप चेयरपर्सन सरोज राठी को बताया कि उनकी मांग है कि नगर परिषद द्वारा स्वीकृत नाले को बंद न किया जाए। मुख्य सरकारी रास्ता सैनीपुरा 99 फुट रोड को बंद न किया जाए, बरसात के मौसम में कॉलोनी के घरों में बरसाती पानी न भरे इसके लिए नाले व सरकारी रास्ते को बंद न किया जाए। समस्याएं सुनने के उपरांत चेयरपर्सन सरोज राठी ने तुरंत हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से बातचीत की। चेयरपर्सन सरोज राठी ने सैनीपुरा में 82 लाख रुपये की धनराशि से बनने वाले नाले का निरीक्षण भी किया। सरोज राठी ने धरने पर बैठे लोगों से बातचीत की व समस्या से निजात दिलाने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता पवन कुमार, नगर परिषद के अधिकारियों, ठेकेदार दीपक से बातचीत की और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। राठी ने कहा कि जल्द ही कॉलोनी के लोगों की संबंधित समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा। इस मौके पर पार्षद प्रतिनिधि योगेश धनखड़, महिपाल राठी, रविंद्र सैनी, मनोज शर्मा, रमेश राठी, मन मोहित गुप्ता व सुमित शर्मा मौजूद रहे।