फोटो 57: पूर्व सैनिक संगठन का प्रतिनिधि मंडल विधायक राजेश जून से मिलकर समस्याएं बताते हुए।
बहादुरगढ़। पूर्व सैनिक संगठन बहादुरगढ़ के प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को विधायक राजेश जून से मिलकर बहादुरगढ़ में पूर्व सैनिकों की सार्वजनिक सेवाओं में सुधार करने की मांग की।
सीएसडी कैंटीन व ईसीएचएस डिस्पेंसरी के लिए एक ही परिसर में नए भवन बनवाने की मांग की गई। जून ने पूर्व सैनिकों को इन मांगों को पूरी करवाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि बहादुरगढ़ में 6000 से अधिक पूर्व सैनिक परिवार रहते हैं। इन परिवारों को काफी समय से सीएसडी कैंटीन व ईसीएचएस क्लीनिक के छोटे भवनों और इन सेवा केंद्रों के पास वाहन पार्किंग की सुविधा न होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ये दोनों सेवा केंद्र किराए के भवनों में चल रहे हैं और दोनों एक दूसरे से काफी दूरी पर स्थित हैं, जिससे पूर्व सैनिकों व उनके परिजनों को कठिनाई होती है। पुराने कोर्ट परिसर के निकट उपलब्ध सेना की जमीन में सीएसडी कैंटीन और ईसीएचएस क्लीनिक के सुविधा युक्त नए भवन बनाए जाने चाहिए। ये सेवा केंद्र एक ही परिसर में रहेंगे तो पूर्व सैनिक परिवारों को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। बहादुरगढ़ में सैनिक विश्राम गृह को सैनिकों के लिए खोला जाए। संगठन के उपाध्यक्ष महेंद्र सांखोल, संयोजक धर्मवीर कादयान, सचिव रणधीर तूर, कप्तान अनिल व सीताराम, सूबेदार श्रीभगवान व रामकुमार, सूबेदार मेजर राम दिया, हवलदार तारीफ सिंह, नायक सुरेंद्र, नेवल धनराज तहलान व विजेंद्र सिंह सहित काफी संख्या में पूर्व सैनिक इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।