सफीदों। उपमंडल अधिकारी नागरिक पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि दिवाली के पावन अवसर पर सभी नागरिकों को वायु प्रदूषण नियंत्रण व जनस्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और ग्रीन दिवाली स्वच्छ दिवाली मना कर पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने के लिए एक-दूसरे को प्रेरित करें। एसडीएम ने कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआं वातावरण को दूषित करता है और इससे बच्चों, बुजुर्गों तथा श्वसन या हृदय रोग से पीडि़त व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना करते हुए ग्रीन पटाखों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के पटाखों की बिक्री, भंडारण व उपयोग बंद है। उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की कि वह हिदायतों की पालन करें। संवाद