बहादुरगढ़। क्षेत्र में आए दिन अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि पुलिस इन मामलों में लोगों को गिरफ्तार भी कर रही है। अब पुलिस ने आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में अवैध शराब से भरे तीन कैंटर और दो ट्रक पकड़े हैं। इनमें से शराब की 6610 पेटियां बरामद हुई हैं। दो आरोपी भी काबू किए गए हैं। इस संबंध में सिटी थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के पार्ट-बी में स्थित एक गोदाम में शराब से भरे वाहन खड़े हैं। इस सूचना के आधार पर एमआईई पुलिस की एक टीम ने वहां दबिश दी। इस दौरान दो लोग गोदाम में मिले। एक की पहचान उपेंद्र निवासी यूपी और दूसरे की पहचान विष्णु निवासी सीतामढ़ी बिहार के रूप में हुई। जांच के दौरान गोदाम में तीन कैंटर और दो ट्रक पाए गए। पांचों अवैध शराब से भरे हुए थे। इन सभी में 6610 पव्वे की पेटियां पाई गई। पेटियां देशी शराब की हैं। गोदाम से काबू किए गए दोनों लोग खुद को चौकीदार बताते हैं। उनका कहना है कि चालक इन वाहनों को खड़े करके गए थे। उन्हें नहीं पता कि इनमें क्या भरा हुआ है। उधर, पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए पूछताछ कर रही है। विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।