बहादुरगढ़। सराय औरंगाबाद गांव में पीडीएम कॉलेज के सामने बिजली विभाग द्वारा हाल ही में बिछाई गई नई भूमिगत विद्युत केबल में करंट आने से एक गौवंश की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। ग्रामीण सुमेर सिंह और विक्रम ने बताया कि गौवंश सड़क किनारे पहुंचा तो जमीन में बिछी केबल में करंट प्रवाहित होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने आरोप लगाया कि केबल बिछाने के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।