झज्जर। गांव भटेडा में चुनावी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक व्यक्ति व उसके परिवार के साथ मारपीट की। इसके बाद उनको जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इस संबंध ने पुलिस ने थाना माछरोली में मामला दर्ज किया है।पुलिस को दी शिकायत में गांव भटेडा निवासी मनीष ने बताया कि उसके पिता 7 नवंबर को किसी काम से जा रहे थे। जब वह घर से बाहर निकले तो गांव के ही दो युवक धर्म सिंह व इंद्रजीत गली में खड़े हुए थे। उन्होंने चुनावी रंजिश को रखते हुए उसके पिता का रास्ता रोक लिया और गाली-गलोज करने लगे। इंद्रजीत अपने हाथ में कुल्हाड़ी व धर्म सिंह ने घर के बाहर से लोहे का फावडा उठाकर उसके पिता पर जान से मारने की नियत से वार करके बुरी तरह चोटें मारी। लडाई-झगड़े का शोर सुनकर वह बाहर आ गया। आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। कुछ देर बाद लालचंद, अशोक, ज्योति व कमलेश भी मौके पर आ गए। उनके हाथ में लाठी डंडे थे, उन्होंने भी हमें चोटें मारी और जान से मारने की धमकी दी। जब उसके चाचा सुरेश और चाची पिंकी बीचबचाव करने आए तो उनको भी गालियां दी व जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौका से भाग गए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।