बहादुरगढ़। अवैध कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई की जा रही है। डीटीपी रोहतक की ओर से बहादुरगढ़ क्षेत्र के तीन गांवों में अवैध कॉलोनी काटने के आरोप में एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो रोहतक की टीम ने मामलों में जांच शुरू कर दी है।
गांव सराय औरंगाबाद, दुल्हेड़ा और दादरी तोए मे अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। इसकी शिकायत विभाग को मिली थी। अवैध कॉलोनियों में डीटीपी की ओर से कार्रवाई की जाती है, लेकिन यह मामले पूरी तरह से नहीं थम रहे हैं। करीब तीन महीने पहले विभाग को सूचना मिली कि गांव सराय औरंगाबाद में कॉलोनी काटी जा रही है। सूचना पर टीम मौके पर गई तो सूचना सही मिली। मिट्टी का रास्ता भी बनाया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए 6 अक्तूबर को भू-मालिक करतार व एक महिला को नोटिस थमाए गए। इसी कड़ी में अब मुकदमा दर्ज कराया गया है। दूसरी तरफ गांव दादरी तोए में भी इसी तरह से कॉलोनी काटे जाने की सूचना मिलने पर भू-मालिक संदीप को 15 सितंबर को नोटिस दिया गया। वहीं दुल्हेड़ा में अवैध कॉलोनी काटे जाने पर नेपाल सिंह और शहंशाह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। डीटीपी रोहतक सुमनदीप सिंह की शिकायत पर पांचों के खिलाफ एचएसईबी रोहतक थाने में हरियाणा शहरी विकास एवं विनियमन अधिनियम 1975 की धाराओं के तहत केस दर्ज हुए हैं।अधिकारियों का कहना है कि लोग सचेत रहें। किसी के झांसे में नहीं आए। विभाग की ओर से आगे भी इस तरह की कार्रवाई की जाती रहेगी।