बहादुरगढ़। नूना माजरा गांव में बुधवार की रात जाखौदा से शादी समारोह में गए एक युवक को कार चालक ने टक्कर मार दी। उसे तुरंत नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार जाखौदा गांव निवासी 22 वर्षीय आकाश बुधवार की रात नूना माजरा गांव में एक शादी समारोह में गया था। वह घर वापस जाने के लिए सड़क पर खड़ा होकर किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान एक कार चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए आकाश को टक्कर मार दी। वह नीचे गिर गया और कार उसके ऊपर से गुजर गई। कार चालक घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। राहगीरों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया। लेकिन टक्कर से शरीर के कई अंगों पर आई गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने अस्पताल में आकाश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। थाना सदर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।