बेरी। गांव दूबलधन-बेरी मार्ग पर कैंटर व बाइक की टक्कर होने से बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को राहगीरों की मदद से सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है।
हादसे की सूचना बेरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद बेरी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव दूबलधन निवासी अजय व कृष्ण बाइक पर सवार होकर बेरी किसी काम से आए हुए थे। जब वह बाइक से अपने गांव दूबलधन जा रहे थे तो दूबलधन की तरफ से आ रहे कैंटर चालक ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक पर सवार अजय की मौके पर मौत हो गई। कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।