लाला लाजपत राय के चित्र पर पुष्प अर्पित करते लोग।
बहादुरगढ़। अग्रवाल कॉलोनी सुधार समिति द्वारा एमसी पार्क में शहीद लाला लाजपत राय की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने शहीद लाला लाजपत राय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
वक्ताओं ने शहीद लाला लाजपत राय के दिखाए मार्ग पर चलने को कहा। उन्होंने कहा कि फ्रीडम फाइटर होने के साथ लाला लाजपत राय एक समाज सुधारक भी थे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में खास कार्य किया। समाजसेवा के लिए वे दयानंद सरस्वती से जुड़े। जिन्होंने आर्य समाज की स्थापना की। लाला लाजपत राय ने पंजाब में आर्य समाज की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा देश को पहला स्वदेशी बैंक लाला लाजपत राय ने ही दिया। उन्होंने पंजाब में पंजाब नेशनल बैंक की नींव रखी। दयानंद एंग्लो वैदिक विद्यालयों यानी डीएवी स्कूलों का भी देशभर में प्रसार किया। कार्यक्रम में सीबीएसई बोर्ड से रिटायर्ड डिप्टी सेक्रेटरी व समिति के मार्गदर्शक जगदीश गर्ग, मदन गोपाल मित्तल, संरक्षक आनंद अग्रवाल, प्रधान रविंद्र गुप्ता, उप प्रधान तरुण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बजरंग गर्ग, जितेंद्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।